पेंच टाइगर रिजर्व के बफर एरिया में बाघ का खूनी हमला, खेत में काम करने गए किसान की मौत से गांव में फैली दहशत

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में बाघ ने एक किसान पर हमला कर दिया और मौके पर ही उसकी जान चली गई, जिसके बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल बन गया है। यह मामला किशनपुर खमरा गांव का है, जहां किसान बलराम डेहरिया सुबह करीब छह बजे अपने खेत में मोटर चालू करने गया था, तभी पहले से मौजूद बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए, वहीं बाघ के हमले की खबर से आसपास के गांवों में भी भय का माहौल फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। वन विभाग लगातार बाघ की मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। फॉरेस्ट अधिकारियों का कहना है कि बफर क्षेत्र में मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, वहीं मृतक किसान के परिजनों को नियमानुसार सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और बाघ की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *