मंदसौर में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी: 22 से अधिक घायल, कई की हालत गंभीर, स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और कई परिवारों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। यह हादसा दलौदा तहसील के हनुमंतिया गांव के पास मंगलवार रात करीब दस बजे हुआ, जिसमें ट्रॉली में सवार 22 से अधिक मजदूर घायल हो गए, जबकि कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल मंदसौर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब तीन दर्जन मजदूर सवार थे, जो हनुमंतिया से सेजपुरिया मजदूरी का काम खत्म कर देर रात अपने गांव लौट रहे थे। ट्रॉली में सवार मजदूरों में ज्यादातर महिलाएं थीं। रास्ते में अचानक सामने आई एक स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने तेज ब्रेक लगा दिया, जिससे ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। ट्रॉली के पलटते ही मजदूर सड़क पर जा गिरे और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलते ही दलौदा तहसीलदार, अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंची और घायलों का हालचाल जाना।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और स्कूटी सवार को बचाने की कोशिश को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *