पन्ना में दर्दनाक हादसा, कच्चे मकान में लगी आग से महिला की जिंदा जलकर मौत, पति बचाने में झुलसा

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां कच्चे मकान में अचानक लगी आग के चलते एक वृद्ध महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई।

महिला को बचाने के प्रयास में उसका पति भी आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना पन्ना जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र के पडेरी गांव की बताई जा रही है, जहां अज्ञात कारणों से कच्चे मकान में आग भड़क उठी।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरा मकान धू-धूकर जलने लगा और भीतर सो रही वृद्ध महिला बाहर निकल नहीं सकी।

पति ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटों में वह खुद भी झुलस गया और आसपास के लोगों की मदद से उसे किसी तरह बाहर निकाला गया।

घायल पति का गुन्नौर में उपचार जारी है, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से घटना की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *