इंदौर। इंटरनेट और सोशल मीडिया का दायरा जितना तेजी से बढ़ रहा है, उतनी ही तेजी से इसका गलत इस्तेमाल करने वाले लोग भी सामने आ रहे हैं। मध्यप्रदेश के इंदौर से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर दोस्ती के नाम पर एक नाबालिग को फंसाने की कोशिश की गई और इनकार करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
हीरा नगर क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग को एक युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती करने का झांसा दिया। जब युवती ने साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी उसे लगातार अश्लील मैसेज भेजने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के परिवार के सदस्यों को भी आपत्तिजनक और गंदे संदेश भेजकर परेशान करना शुरू कर दिया। इस लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर नाबालिग आखिरकार थाने पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को बताई।
मामला सामने आते ही पुलिस ने इसे साइबर स्टॉकिंग का गंभीर केस मानते हुए तुरंत साइबर सेल और तकनीकी टीम को सक्रिय कर दिया। आरोपी द्वारा भेजे गए सभी मैसेज, लिंक और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की जा रही है और इंस्टाग्राम से भी तकनीकी जानकारी मांगी गई है ताकि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
डीसीपी व्यास ने कहा कि तकनीकी टीम आरोपी की लोकेशन और डिजिटल फुटप्रिंट्स ट्रेस कर रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर महिलाओं या किसी भी नागरिक को परेशान करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।

