धार में पलटा बियर से भरा ट्राला, सड़क पर मची लूट, पुलिस पर पथराव

धार। मध्य प्रदेश के धार जिला में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बियर की पेटियों से भरा एक ट्राला अचानक पलट गया और सड़क पर शराब की बोतलें बिखर गईं। घटना बाग थाना क्षेत्र के घाट इलाके की बताई जा रही है। जैसे ही आसपास के ग्रामीणों को ट्राला पलटने की खबर मिली, वे मौके पर पहुंच गए और बियर की पेटियां लूटने लगे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन हालात तब बिगड़ गए जब ग्रामीणों ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस के दो वाहनों के शीशे टूट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टांडा से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि ट्राला इंदौर के वेयरहाउस से बियर लेकर सिया इंटरप्राइजेज चांदपुर की शराब दुकान की ओर जा रहा था। मौके पर एसडीओपी सुनील गुप्ता और कुक्षी थाना प्रभारी राजेश यादव भी पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में ट्राले से बची हुई बियर की पेटियों को दूसरे वाहन में भरवाया गया और वाहन को थाने ले जाया गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्राला क्रमांक एमपी 09 डी टी 7016 के पास शराब परिवहन का वैध परमिट भी मौजूद था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *