रीवा में गायों की हड्डियों से भरा ट्रक पकड़ा गया, हिंदू संगठनों का हंगामा, पुलिस जांच में जुटी

मध्यप्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गाय की हड्डियों से भरा एक ट्रक पकड़ा गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ट्रक को रोक लिया और जैसे ही ट्रक में भारी मात्रा में हड्डियां होने की जानकारी सामने आई, मौके पर विरोध शुरू हो गया। हिंदू संगठनों ने इसे गौ-आस्था से जुड़ा बेहद गंभीर मामला बताते हुए जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की।

बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ट्रक में गाय की हड्डियों का परिवहन बिना किसी वैध दस्तावेज के किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और हड्डियों के स्रोत और गंतव्य को लेकर जांच की जा रही है।

घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस की समझाइश और मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। थाना प्रभारी विकास कपिश ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *