शिवपुरी। मध्य प्रदेश के करेरा में एक महिला पार्षद ने अपनी मांगों को लेकर ऐसा विरोध दर्ज कराया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। देर रात करेरा नगर परिषद कार्यालय के बाहर वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद खुशबू यादव अपने पति के साथ पहुंचीं और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर लाया गया गोबर कार्यालय के बाहर फेंक दिया।
पार्षद खुशबू यादव का आरोप है कि पिछले चार सालों से उनके वार्ड में न तो सड़क निर्माण का काम हुआ है और न ही नियमित साफ-सफाई हो रही है। उन्होंने कई बार नगर परिषद अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि बाढ़ के बाद से गंदगी की स्थिति और भी खराब हो गई है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
महिला पार्षद ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे पूरे करेरा नगर में इसी तरह गोबर फेंककर विरोध प्रदर्शन करेंगी। इस अनोखे प्रदर्शन के बाद नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

