राजगढ। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर सिविल अस्पताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां अस्पताल के भीतर ही बीएमओ और नर्सिंग ऑफिसर के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना खिलचीपुर सिविल अस्पताल की है, जहां बीएमओ डॉ. हिमांशु मीना और नर्सिंग ऑफिसर माधुरी धोटे के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
नर्सिंग ऑफिसर माधुरी धोटे ने आरोप लगाया है कि बीएमओ ने उनके साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। वहीं दूसरी ओर बीएमओ डॉ. हिमांशु मीना का कहना है कि नर्सिंग स्टाफ की गैरहाजिरी दर्ज की गई थी, इसी बात से नाराज होकर नर्सिंग ऑफिसर ने उनके साथ अभद्रता की और विवाद खड़ा हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष खिलचीपुर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

