सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले से महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र में एक मासूम बच्ची को बर्तन धोते हुए देखा जा सकता है और पास ही कुर्सी पर बैठी सहायिका आराम फरमाती नजर आ रही है। यह मामला रैगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ललचहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का बताया जा रहा है, जहां का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और विभाग की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
वायरल फुटेज में साफ दिखता है कि छोटी बच्ची झुककर बर्तन साफ कर रही है, जबकि आंगनबाड़ी सहायिका बिना किसी जिम्मेदारी के पास बैठी रहती है। यह आंगनबाड़ी केंद्र नागौद परियोजना क्रमांक-1 के अंतर्गत खखरौंधा ग्राम पंचायत में संचालित बताया जा रहा है, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधा रजक और सहायिका अंजना लोधी पदस्थ हैं।
आरोप है कि बच्ची ने पोषण आहार मांगा था, लेकिन मदद देने के बजाय उससे बर्तन धुलवाए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्देश्य बच्चों को पोषण, देखभाल और सुरक्षित माहौल देना होता है, लेकिन इस घटना ने सिस्टम की हकीकत उजागर कर दी है और अब कार्रवाई की मांग तेज होती जा रही है।

