ट्रेन स्टॉपेज और स्टेशन की मांग को लेकर भदौरा में उग्र आंदोलन, महिलाओं संग पटरी पर बैठे ग्रामीण, भारी पुलिस बल तैनात

सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में ट्रेन स्टॉपेज और रेलवे स्टेशन की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों से निकलकर रेलवे पटरी तक पहुंच गया है। जिले के भदौरा गांव में महिलाओं सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण पटरी पर बैठकर आंदोलन कर रहे हैं, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।

यह आंदोलन स्थानीय नेता आनंद सिंह दद्दुआ के समर्थन में किया जा रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में है और मौके पर कई थानों का पुलिस बल, थाना प्रभारी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर आदिवासी बहुल भदौरा गांव में लंबे समय से सिंगरौली, कटनी और अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाली ट्रेनों के ठहराव और रेलवे स्टेशन की मांग की जा रही है। इससे पहले भी ग्रामीण कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन हर बार रेलवे अधिकारियों की ओर से आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त करा दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से पत्राचार और मांगों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी से नाराज होकर स्थानीय नेताओं के सहयोग से एक बार फिर हजारों ग्रामीण, खासकर महिलाएं, भदौरा रेलवे स्टेशन पर पटरी पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक आंदोलन जारी था और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *