पीथमपुर (धार)। मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब रहवासियों ने केमिकल से भरा एक टैंकर पकड़ लिया। आरोप है कि यह टैंकर कॉलोनी क्षेत्र में जहरीला पानी डंप कर रहा था। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने राउ-पीथमपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, उत्कर्ष पैराडाइज कॉलोनी के लोग लंबे समय से कॉलोनी के आसपास केमिकल युक्त पानी डंप किए जाने से परेशान थे। सोमवार रात करीब 10 बजे रहवासियों को एक संदिग्ध टैंकर दिखाई दिया। लोगों ने टैंकर को रोका तो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। टैंकर की जांच करने पर उसमें केमिकल मिला हुआ पानी भरा पाया गया, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
रहवासियों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाला जहरीला पानी आवासीय बस्ती के पास खुलेआम खाली किया जा रहा है, जिससे कॉलोनी के जल स्रोत लगातार प्रदूषित हो रहे हैं और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोग टैंकर कहां से आया, किसके कहने पर यह पानी डंप किया जा रहा था और जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
सूचना मिलते ही बेटमा थाना प्रभारी मीना कर्णावत और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और रहवासियों से बातचीत की। लोगों ने साफ कहा कि जब तक इस अवैध गतिविधि पर पूरी तरह रोक नहीं लगती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

