माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रयागराज में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को मुख्य स्नान पर्व पर देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं ने संगम में पुण्य स्नान कर धर्म और परंपरा से अपना जुड़ाव जताया। प्रशासन के मुताबिक सुबह आठ बजे तक ही करीब नब्बे लाख श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके थे और जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, यह आंकड़ा दो करोड़ के पार पहुंच गया।
श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी भक्तों का अभिनंदन किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पावन माघी पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर धर्म, आस्था और संस्कृति की संगम स्थली तीर्थराज प्रयाग में 2.1 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पुण्य त्रिवेणी में डुबकी लगाकर भारत की अखंड और शाश्वत सनातन परंपरा को नमन किया है।
सीएम योगी ने आगे कहा कि इस पावन स्नान का पुण्य लाभ अर्जित करने वाले पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवास के लिए आए साधकों और सभी श्रद्धालुओं का कोटि-कोटि अभिनंदन है। उन्होंने इस भव्य आयोजन को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, मेला प्रबंधन, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों, नाविक बंधुओं और प्रदेश सरकार के सभी विभागों का आभार भी व्यक्त किया।

