शादी का न्योता बना डिजिटल जाल, वकील का मोबाइल हैक, APK क्लिक करते ही उड़ गए 93 हजार रुपये

ग्वालियर। देश में साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और ठग अब नए-नए तरीकों से आम लोगों के साथ-साथ पढ़े-लिखे पेशेवरों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला ग्वालियर से सामने आया है, जहां एक वकील को व्हाट्सएप पर भेजे गए शादी के डिजिटल निमंत्रण ने भारी नुकसान में डाल दिया।

ग्वालियर के तानसेन नगर थाना क्षेत्र निवासी और लेबर कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकील आशीष सिंह गौर के मोबाइल पर 8 जनवरी को एक परिचित नंबर से शादी का निमंत्रण भेजा गया था। यह निमंत्रण एक APK फाइल के रूप में था, जिसे खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और स्क्रीन गूगल पेज पर अटक गई। कुछ समय बाद मोबाइल सामान्य तो हो गया, लेकिन खतरा अंदर ही अंदर पनप चुका था।

चार दिन बाद 12 जनवरी की शाम बिना किसी ओटीपी के वकील के बैंक खाते से एक के बाद एक ट्रांजैक्शन होने लगे और करीब 93 हजार रुपये खाते से निकाल लिए गए। जब उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो तुरंत बैंक से संपर्क किया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद वे थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने ऑनलाइन शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस डिजिटल शादी के न्योते के पीछे कौन सा साइबर गिरोह सक्रिय था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *