बच्चे को लेकर 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा, आखिरकार प्रशासन की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के हाउसिंग बोर्ड इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने छोटे बच्चे को साथ लेकर करीब 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि उसके ससुराल वाले लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे हैं और उसकी शिकायतों पर कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही, जिससे परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टीआई की बातों पर भरोसा नहीं कर पा रही थी और टंकी से उतरने को तैयार नहीं हो रही थी, जिससे हालात लगातार तनावपूर्ण बने रहे।

करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद नगर तहसीलदार सरिता मालवीय ने मोर्चा संभाला। उन्होंने महिला से शांतिपूर्वक बातचीत की और हालात को संभालते हुए खुद टंकी पर चढ़कर महिला को समझाया, जिसके बाद महिला बच्चे के साथ नीचे उतरने के लिए राजी हो गई।

महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद कोतवाली थाने ले जाया गया, जहां उसकी शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते प्रशासन की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *