पटना के राजीव नगर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां सोमवार की देर रात एक 25 वर्षीय महिला प्रियंका देवी की ईंट-पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले गली की सभी स्ट्रीट लाइटें बंद कीं और फिर प्रियंका को घर से बाहर बुलाकर उस पर बेरहमी से हमला कर दिया। प्रियंका की चीख-पुकार सुनकर लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह हत्या किसी निजी रंजिश में नहीं, बल्कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े पैसों के विवाद की वजह से हुई। मृतका का पति मेघनाथ साह अपने दो साथियों—प्रकाश उर्फ जेपी और लालू उर्फ मुखिया—के साथ मिलकर शराब का गैरकानूनी व्यापार करता था। पैसे के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने सोमवार शाम इंद्रपुरी में झगड़े का रूप लिया, जहां आरोपियों ने मेघनाथ को धमकी भी दी थी।
इसी का बदला लेते हुए दोनों आरोपी रात में मेघनाथ के घर पहुंचे और प्रियंका को बाहर बुलाकर उस पर हमला कर दिया। ईंट और बड़े पत्थरों से किए गए कई वारों के बाद प्रियंका वहीं गिर पड़ी और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटना और पालीगंज में लगातार छापेमारी की जा रही है।

