बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक चौंकाने वाला और दुर्लभ मामला सामने आया है, जहां एक नवजात बच्ची का जन्म 24 उंगलियों के साथ हुआ है।
इस अनोखे दृश्य को देखकर न सिर्फ परिवार बल्कि अस्पताल के डॉक्टर भी हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि बैतूल के एक परिवार में हाल ही में बच्ची ने जन्म लिया, लेकिन जब परिजनों ने उसके हाथ और पैरों को देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
नवजात के दोनों हाथों और दोनों पैरों में छह-छह उंगलियां हैं, यानी कुल 24 उंगलियां।
हालांकि राहत की बात यह है कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और किसी तरह की शारीरिक परेशानी नहीं पाई गई है।
डॉक्टरों का कहना है कि यह मामला बेहद दुर्लभ है और उनके अब तक के मेडिकल करियर का यह सबसे अनोखा केस है।
मेडिकल साइंस में भी इस तरह के मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं।
गौरतलब है कि बैतूल जिले के कावला गांव में करीब 17 साल पहले भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जहां एक ही परिवार के 10 सदस्यों में 24-24 उंगलियां पाई गई थीं।

