वाराणसी। जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया, जहां कनेर का फल खाने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। इनमें दो सगी बहनें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पांच बच्चियां एक साथ घर से बाहर खेल रही थीं, इसी दौरान उन्होंने आंवला समझकर कनेर का जहरीला फल खा लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई।
बच्चियों को पेट दर्द की शिकायत होने पर आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों मासूमों ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। गुस्से और दुख से आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में मौजूद कनेर के पेड़ को भी काट दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार शाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से बातचीत कर हालात का जायजा लिया। दो बेटियों को खो चुकी मां मनीषा प्रजापति का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार सदमे में है। वहीं तीसरी बच्ची नैंसी के पिता बेंगलुरु में प्राइवेट गाड़ी चलाते हैं, बेटी की मौत की खबर मिलते ही वह फ्लाइट से वाराणसी के लिए रवाना हो चुके हैं। दोनों पीड़ित परिवारों के घरों की दूरी महज 50 मीटर है, लेकिन इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।

