खंडवा में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक पूर्व विधायक पर लगाए गंभीर आरोप पत्नी बोली जेल में डालने की देते हैं धमकी

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में जमीन विवाद के चलते एक युवक हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और जमकर हंगामा किया, युवक ने पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा पर जबरन जमीन पर कब्जा करने के गंभीर आरोप लगाए, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

पूरा मामला खंडवा जिले के जूनापानी गांव का बताया जा रहा है, जहां रहने वाले रोहित पाल के परिवार का कहना है कि उनकी करीब ढाई एकड़ जमीन पर पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा ने जबरन कब्जा कर लिया है, परिवार का दावा है कि यह जमीन लंबे समय से उनके ही कब्जे में रही है और इसी विरोध में रोहित पाल हाईटेंशन लाइन के करीब 110 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना और जावर थाना पुलिस के साथ नायब तहसीलदार और पटवारी मौके पर पहुंचे, पुलिस और प्रशासनिक अमले ने युवक को नीचे उतरने के लिए लगातार समझाइश दी, वहीं परिजन भी नीचे से उसे मनाने की कोशिश करते रहे, करीब चार घंटे से ज्यादा समय तक युवक टावर पर चढ़ा रहा जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

रोहित पाल की पत्नी साधना पाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा उनकी खेती की जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और आए दिन उन्हें जेल में डालने की धमकी देते हैं, साधना पाल ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ उनकी जमीन वापस चाहिए और किसी तरह का विवाद नहीं चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *