उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाकर एक युवक ने अपनी जान दे दी। भेरूगढ़ निवासी 25 वर्षीय देवीलाल पिता भेरूलाल ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर इंस्टाग्राम पर खुद का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक रील के अंदर बैठकर अज्ञात जहरीला पदार्थ खाते हुए दिखाई देता है। कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक ने एक दिन पहले जहरीला पदार्थ खाया था और हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी स्थिति इतनी नाजुक थी कि डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है और मोबाइल डेटा समेत सभी पहलुओं को खंगालते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है।

