मैगी खाने के बाद युवक की संदिग्ध मौत, बेटे की लाश देख सन्न रह गया पिता, जांच में जुटी पुलिस

हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मैगी खाने के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। यह मामला हंडिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार खेड़ा गांव निवासी 25 वर्षीय अरविंद झिझोरे ने घर पर मैगी बनाई और खाने के बाद सो गया। कुछ देर बाद वह नहीं उठा। मृतक के पिता सुरेश झिझोरे ने बताया कि अरविंद उनके दो बेटों में छोटा था और घटना के समय वह खेत पर गए हुए थे।

शाम को जब सुरेश झिझोरे घर लौटे और बेटे को जगाने की कोशिश की, तो वह बेसुध हालत में पड़ा मिला और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। यह दृश्य देखकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *