युवती का रिश्ता तुड़वाने के शक में युवक का अपहरण, पिकअप में डालकर रेत खदान ले गए, पांच घंटे तक की मारपीट, पुलिस की गाड़ी देख छोड़कर फरार

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां युवती का रिश्ता तुड़वाने के शक में एक युवक का अपहरण कर लिया गया। बदमाश युवक को जबरदस्ती पिकअप गाड़ी में बैठाकर रेत खदान ले गए और करीब पांच घंटे तक उसके साथ बेरहमी से मारपीट करते रहे। पुलिस को सूचना मिलते ही आरोपी घबरा गए और रात के अंधेरे में युवक को रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार पीड़ित सुशील कीर और उसका मौसेरा भाई राहुल नायर ट्राइडेंट कंपनी में काम करते हैं। शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दोनों बाइक से कंपनी की शाम की शिफ्ट में जा रहे थे, तभी रास्ते में युवती का भाई और उसके परिजन पहुंचे। उन्होंने सुशील को बाइक से उतारकर जबरन पिकअप में बैठाया और बरनडुवा गांव की रेत खदान ले गए, जहां उसके साथ लगातार मारपीट की जाती रही।

घटना के समय मौके पर मौजूद राहुल नायर ने तुरंत परिजनों को जानकारी दी। परिजन देहात थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। लोकेशन बरनडुवा रेत खदान की मिलने पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। रात करीब 9 बजे जैसे ही पुलिस की गाड़ी नजर आई, पिकअप सवार आरोपी सुशील को रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घायल सुशील को अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया और मेडिकल के बाद रात 12 बजे छह आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज किया गया।

बताया जा रहा है कि पीड़ित सुशील पहले युवती का दोस्त रहा है। युवती के परिजनों का आरोप है कि वह उसकी शादी के रिश्ते तुड़वाने की कोशिश कर रहा था। परिजनों का यह भी कहना है कि युवती को परेशान करने और सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने के मामले में सुशील के खिलाफ करीब आठ महीने पहले छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया गया था। इसी पुराने विवाद और रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

देहात थाना प्रभारी सौरभ पाण्डेय ने बताया कि फरियादी सुशील कीर ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी है। उसने बताया कि पहले रास्ते में मारपीट की गई, फिर वाहन में बैठाकर रेत खदान ले जाया गया और वहां भी पीटा गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों की तलाश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *