प्रेमिका को भगाने आया युवक बना ऑनर किलिंग का शिकार, परिजनों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस से एक दिल दहला देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका को भगाने पहुंचे युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई और शव को घर से करीब 100 मीटर दूर नाले के पास फेंक दिया गया।

जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह नाले के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान मृतक की पहचान अर्जुन उर्फ गोलू के रूप में हुई, जो रन्नौद थाना क्षेत्र के नेगमा गांव का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि अर्जुन की करीब दो महीने पहले वर्षा कुशवाह से पहचान हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे, बीती रात अर्जुन अपनी प्रेमिका को साथ ले जाने के लिए उसके घर पहुंचा था, लेकिन तभी युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया।

इसके बाद आरोप है कि परिजनों ने अर्जुन को रस्सी से बांधकर पूरी रात लाठियों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और बाद में शव को नाले के पास फेंक दिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती के पिता और दादा को हिरासत में लिया है, जिन्होंने पूछताछ में घटना को कबूल भी कर लिया है, फिलहाल इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसे गंभीर अपराध पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां रिश्तों और मान-सम्मान के नाम पर इंसानियत को ही कुचल दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *