खंडहरनुमा मकान में मिली युवती की सड़ी-गली लाश, कागज की पर्ची पर लिखा मिला ‘काजल’ नाम

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब एक खंडहरनुमा मकान से युवती की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। दोपहर के समय ग्रामीणों ने इस भयावह दृश्य को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव और आसपास के इलाके का बारीकी से मुआयना किया। जांच के दौरान शव के पास एक ब्लैक पर्स मिला, जिसकी तलाशी लेने पर अंदर रखी एक कागज की पर्ची पर ‘काजल’ नाम लिखा हुआ मिला। इसी सुराग के आधार पर पुलिस अब युवती की पहचान और पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने की कोशिश कर रही है।

यह मामला जैतहरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक खेत मालिक और रिटायर्ड फौजी रामखेलावन राठौर रोज की तरह अपने खेत पर पहुंचे थे। खेत में बने पुराने और सूने पड़े मकान के पास पहुंचते ही उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो अंदर एक युवती का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा हुआ था। यह दृश्य देखकर वे घबरा गए और तुरंत गांव लौटकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी के पोस्टमार्टम कक्ष में सुरक्षित रखवा दिया गया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने प्रारंभिक जांच में बताया कि शव कई दिनों पुराना है और काफी हद तक सड़ चुका है।

अनूपपुर के एसडीओपी नवीन तिवारी के मुताबिक जांच के दौरान पता चला है कि काजल पुरी नाम की एक युवती, जो ग्राम लपटा निवासी सुक्खीराम पनिका की बेटी बताई जा रही है, वह 17 फरवरी से लापता है। गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने परिजनों को शव की पहचान के लिए बुलाया है। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह शव उस खंडहरनुमा मकान तक पहुंचा कैसे। क्या किसी ने युवती की हत्या कर शव वहां फेंक दिया, या फिर किसी और जगह वारदात के बाद लाश को यहां लाकर छिपाया गया। यह भी जांच का विषय है कि जब यह वारदात हुई तो क्या किसी ने आरोपियों को आते-जाते नहीं देखा। इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है और इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने की कोशिश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *