1 साल से आधार अपडेट नहीं, बंद हो गया राशन-पानी; हम्माल ने इंसानियत दिखाते हुए 70 साल की बुजुर्ग को हाथ ठेले पर बैठाकर पहुंचाया आधार केंद्र

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से एक बार फिर इंसानियत को छू लेने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हम्माल ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को हाथ ठेले पर बैठाकर करीब तीन किलोमीटर दूर आधार केंद्र तक पहुंचाया। बुजुर्ग महिला का कोई अपना नहीं है और उनकी देखरेख हाथ ठेला चलाने वाले जितेंद्र कुमार चंदानी ही कर रहे हैं।

दरअसल बुजुर्ग महिला का आधार कार्ड करीब एक साल से अपडेट नहीं हुआ था, जिसकी वजह से उसका राशन-पानी बंद हो गया था और पेंशन जैसी जरूरी सरकारी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही थीं। कई बार कोशिशों के बावजूद जब कोई साधन नहीं मिला, तो ग्वालटोली निवासी हम्माल जितेंद्र चंदानी ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए महिला को अपने हाथ ठेले पर बैठाया और आधार केंद्र लेकर पहुंचे, जहां महिला का आधार कार्ड अपडेट कराया गया।

जितेंद्र चंदानी ने बताया कि अम्मा के चलने-फिरने की हालत नहीं है। किसी ऑटो वाले से बात करो तो 200 से 500 रुपए मांगता है। अम्मा के पास वैसे ही कुछ नहीं है और मैं खुद हम्माली करता हूं, इसलिए मजबूरी में हाथ ठेले पर ही उन्हें ग्वालटोली संजय नगर से आधार केंद्र तक लेकर आया। आधार अपडेट होने के बाद अब उन्हें वापस घर छोड़ने जा रहा हूं।

आधार कार्ड अपडेट होने की खबर सुनते ही बुजुर्ग महिला की आंखें भर आईं। उन्होंने हाथ जोड़कर जितेंद्र और वहां मौजूद लोगों का धन्यवाद किया। नर्मदापुरम की यह तस्वीर बताती है कि सिस्टम से पहले अगर इंसान साथ खड़ा हो जाए, तो किसी की जिंदगी आसान बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *