भिंड। मध्य प्रदेश में लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामलों के बीच भिंड से एक और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां निर्माणाधीन ओवरब्रिज अचानक भरभराकर गिर गया और सिस्टम की पोल खोलकर रख दी। यह हादसा देहात थाना क्षेत्र के धरई गांव के पास हुआ, जहां एसकेएस कंपनी द्वारा ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा था।
मंगलवार को अचानक पुल के तैयार किए गए पिलरों के ऊपर रखा भारी गाटर बीच से टूट गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, वरना जान-माल का नुकसान कहीं ज्यादा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही निर्माणकर्ता कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया, लेकिन इस हादसे ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटिया सामग्री और जल्दबाजी में किया जा रहा काम ही इस हादसे की बड़ी वजह है।
बताया जा रहा है कि एसकेएस कंपनी को भिंड शहर के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का ठेका भी मिला हुआ है और कंपनी पर पहले भी लापरवाही और घटिया निर्माण को लेकर गंभीर आरोप लगते रहे हैं। अब निर्माणाधीन ओवरब्रिज का गिरना साफ इशारा कर रहा है कि कहीं न कहीं भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी ने विकास कार्यों की नींव को कमजोर कर दिया है। सवाल यह है कि क्या इस हादसे के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या मामला फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।

