कुबेरेश्वर धाम के पास हादसा: अज्ञात वाहन ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, बीते साल सड़क दुर्घटना में 295 लोगों की हो चुकी है मौत

इछावर। सीहोर जिले में स्थित कुबेरेश्वर धाम के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां अज्ञात वाहन ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में 5 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह भोपाल-इंदौर मार्ग पर कुबेरेश्वर धाम के नजदीक यह हादसा हुआ। ऑटो में करीब 7 सवारियां मौजूद थीं, जब अचानक एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ऑटो की हालत देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी भयावह थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे में घायल हुए लोगों में नरोत्तम सिंह 35 वर्ष निवासी अलीगढ़, अनीता देवी 35 वर्ष, रुक्मणि देवी 35 वर्ष निवासी डोरीनगर, प्रिया सिंह 35 वर्ष निवासी दिल्ली, रूपा मुन्नालाल 60 वर्ष निवासी मोहनपुरा, कृष्णा जगपाल 30 वर्ष निवासी अलीगढ़ और शशि राधेश्याम 33 वर्ष निवासी अलीगढ़ शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

अगर सीहोर जिले में सड़क हादसों के आंकड़ों पर नजर डालें तो स्थिति बेहद चिंताजनक है। साल 2024 में जिले में कुल 1172 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 1218 लोग घायल हुए और 295 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं वर्ष 2025 में अब तक 1087 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 976 लोग घायल हुए और 287 लोगों ने अपनी जान गंवाई। लगातार बढ़ते सड़क हादसे प्रशासन और आम लोगों दोनों के लिए एक गंभीर चेतावनी बनते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *