धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के धामनोद क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर नाम और पहचान छिपाकर युवती से संबंध बनाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगा है, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को पहले आदित्य नाम से परिचित कराया और उसी पहचान के आधार पर दोस्ती बढ़ाई, बाद में शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसाता रहा।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवती को होटल ले गया, जहां उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए, इसके बाद भी वह शादी का वादा कर उसे बहलाता रहा।
घटना के दौरान युवती को आरोपी की असली पहचान का पता चला, जिसके बाद उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया और धमकियां दीं।
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय संगठनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में काफी तनाव का माहौल बना हुआ है।

