भोपाल। राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 21 वर्षीय युवती ने अपहरण कर गैंगरेप किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि 2 से 3 युवकों ने उसे शराब और नशीली दवा खिलाकर करीब 11 महीने तक जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मामले में पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सबूतों के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पीड़िता के मुताबिक वह छोला मंदिर इलाके की रहने वाली है और 13 फरवरी 2025 की शाम उसे जबरन अगवा किया गया। आरोप है कि इसके बाद उसे बंधक बनाकर रखा गया, जहां शराब पिलाकर और नशीली दवाएं देकर उसकी हालत खराब की जाती रही और उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए। युवती का दावा है कि यह सिलसिला करीब 11 महीनों तक चलता रहा।
पीड़िता ने बताया कि 4 जनवरी 2026 को वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रही और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि शिकायत के बाद भी दो दिनों तक उसे थाने के चक्कर काटने पड़े और तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और कहा जा रहा है कि सबूतों और तथ्यों की पुष्टि के बाद मामले में विधिवत एफआईआर दर्ज की जाएगी।

