भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से होली के दिन एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती की कार पर किसी ने एसिड फेंक दिया। इस हमले में कार का रंग पूरी तरह खराब हो गया और वाहन का ओरिजिनल पेंट तक उड़ गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने इसे जानबूझकर किया गया हमला माना है।
यह मामला ऐशबाग थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक युवती ने अपनी कार घर के सामने पार्क की थी, लेकिन जब वह वापस लौटीं तो देखा कि कार पर रंग के साथ एसिड फेंका गया था। एसिड इतना तेज था कि कार की पेंटिंग पूरी तरह से खराब हो गई और वाहन का असली रंग तक उतर गया।
घटना के बाद युवती काफी डरी हुई हैं। युवती, जो एक प्रतिष्ठित संस्थान में एचआर के पद पर कार्यरत हैं, ने आशंका जताई है कि आज कार पर एसिड डाला गया है, तो कल उनके ऊपर भी ऐसा हमला किया जा सकता है। उनका कहना है कि यह किसी की सोची-समझी साजिश लग रही है।
सूचना मिलने के बाद ऐशबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह साफ लग रहा है कि यह हरकत जानबूझकर की गई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है, खासकर ऐसे त्योहारों के दौरान जब लोग अपने घरों से बाहर रहते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

