घरेलू एलपीजी गैस के वितरण को लेकर लगातार बढ़ रही भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए सभी गैस एजेंसियों को टोकन प्रणाली लागू कर गैस वितरण सुनिश्चित करने के लिए कहा है, ताकि वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके और अनावश्यक भीड़ पर रोक लगाई जा सके। पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे व्यवस्था बिगड़ती नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि विवाह जैसे आयोजनों के लिए और बिना वैध कनेक्शन वाले लोग भी गैस लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। कई जगहों पर बिना बुकिंग वाले लोग जबरन सिलेंडर देने का दबाव बना रहे हैं और मना करने पर एजेंसी कर्मचारियों से अभद्रता की शिकायतें भी सामने आई हैं।
इसी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक, गैस कंपनियों के विक्रय अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि गैस एजेंसियां अपने गोदाम में उपलब्ध सिलेंडरों की संख्या के अनुसार बुकिंग की तिथि तक के उपभोक्ताओं को टोकन जारी करेंगी और उसी के आधार पर गैस का वितरण किया जाएगा। साथ ही एजेंसियों को यह जानकारी अपने सूचना पट्ट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस नई व्यवस्था से अनावश्यक भीड़ कम होगी और वास्तविक उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा अशक्त, विधवा और वृद्ध उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद नियमानुसार घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाने की सुविधा भी दी जाएगी। प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है, ताकि जिले में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित हो सके।

