जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पत्नी से परेशान एक युवक ने तलाक की मन्नत पूरी होने पर 9 किलोमीटर की दंडवत यात्रा कर माता मंदिर पहुंचकर आभार जताया, बताया जा रहा है कि 2022 में शादी के बाद से ही युवक योगेश के जीवन में लगातार गृह कलह चल रही थी, जिसके बाद उसने मन्नत मांगी थी कि अगर उसे तलाक मिल जाता है तो वह दंडवत यात्रा कर माता के दर्शन करेगा।
योगेश ने अपनी इस अनोखी यात्रा के लिए प्रशासन से पहले ही अनुमति ली थी, एसडीएम से सड़क मार्ग पर दंडवत यात्रा की इजाजत मांगी गई थी, जिसे मंजूरी मिलने के बाद प्रशासन ने उसकी सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी, जो पूरी यात्रा के दौरान उसके साथ मौजूद रहे।
सुबह बिना अन्न और जल ग्रहण किए योगेश ने अपनी यात्रा की शुरुआत की और करीब 9 किलोमीटर की दूरी को दंडवत करते हुए लगभग 12 घंटे में पूरा किया, यह यात्रा शारीरिक रूप से बेहद कठिन मानी जाती है, लेकिन उसने अपने संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी दृढ़ता दिखाई, इस दौरान परिवार के सदस्य और गांव के लोग भी उसके साथ चलते रहे और जयकारे लगाते रहे।
शाम करीब 6 बजे वह भानपुर स्थित माता मंदिर पहुंचा, जहां उसने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और माता का आशीर्वाद लिया, इस अनोखी घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पति-पत्नी के रिश्तों को लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं।

