नेपाल के बाद अब इस देश में Gen-Z के प्रदर्शन से हिल गई सरकार, देश छोड़कर भागे राष्ट्रपति

नेपाल के बाद अब मेडागास्कर में Gen-Z के प्रदर्शन ने सरकार हिला दी है, और राष्ट्रपति देश छोड़कर भाग गए हैं। पानी और बिजली की कटौती के विरोध में शुरू हुए ये प्रदर्शन तेजी से उग्र रूप ले चुके हैं। हालात इतने गंभीर हो गए कि राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना को अपनी जान की सुरक्षा के लिए देश छोड़ना पड़ा।

राजोइलिना ने देश छोड़ने के बाद किसी अज्ञात स्थान से राष्ट्रीय टेलीविजन पर देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सैन्य विद्रोह और सत्ता हथियाने के अवैध प्रयास के कारण उन्हें सुरक्षित स्थान की तलाश करनी पड़ी। राजधानी अंतानानारिवो के मुख्य चौक पर हजारों प्रदर्शनकारियों के साथ रैली और सैन्य इकाई ‘कैपसैट’ के तख्तापलट के प्रयास के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक टिप्पणी थी।

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में यह नहीं कहा कि वह पद से इस्तीफा देंगे। बीते कई दिनों से देश में Gen-Z के प्रदर्शन जारी हैं। प्रदर्शन तब और गंभीर हो गया जब शनिवार को सेना का एक दल भी इसमें शामिल हो गया और राष्ट्रपति और मंत्रियों से पद छोड़ने की मांग की।

राजोइलिना ने कहा कि संविधान का सम्मान होना चाहिए और हालात को बातचीत के माध्यम से सुलझाना जरूरी है। उन्होंने यह नहीं बताया कि मेडागास्कर से उन्होंने कैसे निकला, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें फ्रांस के सैन्य विमान से देश से बाहर ले जाया गया। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है।

प्रदर्शन 25 सितंबर को पानी और बिजली की लगातार कटौती के विरोध में शुरू हुए थे। मेडागास्कर, जो कभी फ्रांस का उपनिवेश रहा है, में राजोइलिना के पास कथित तौर पर फ्रांसीसी नागरिकता भी है, जिसे लेकर कुछ देशवासियों ने असंतोष व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *