दो बाघों की मौत के बाद अमरकंटक में Tiger की दस्तक, जलेश्वर मार्ग पर सड़क पार करता दिखा बाघ, वीडियो हुआ वायरल

 अनूपपुर। शहडोल जिले में दो बाघों की दर्दनाक मौत के बाद अब अनूपपुर जिले से बाघ की मौजूदगी की खबर ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। पवित्र नगरी अमरकंटक के जलेश्वर मार्ग पर एक बाघ को सड़क पार करते हुए देखा गया, जिसका वीडियो वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इलाके में सनसनी फैल गई।

अचानक सड़क पर बाघ को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने इसे आस्था से जोड़ते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि बाघ भी नर्मदा मैया के दर्शन करने आया है, लेकिन रिहायशी इलाके के पास बाघ दिखने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल भी बन गया है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं और बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं।

वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि यह बाघिन अचानकमार टाइगर रिजर्व से भटककर अमरकंटक क्षेत्र में आ पहुंची होगी। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

हाल ही में शहडोल जिले में खेत में लगाए गए अवैध बिजली के करंट की चपेट में आने से एक नर बाघ और एक मादा बाघिन की मौत हो गई थी। इसके बाद अनूपपुर जिले में बाघ के दिखने की खबर ने चिंता और बढ़ा दी है। वन विभाग का कहना है कि बाघ को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर मोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी हाल में बाघ के करीब जाने की कोशिश न करें। फिलहाल पूरे क्षेत्र में वन विभाग अलर्ट मोड पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *