ग्वालियर। Gwalior में HPV वैक्सीन लगाने के बाद पांच छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है, लेकिन इस मामले में स्वास्थ्य विभाग का बयान सबको हैरान कर रहा है। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी Dr Sachin Srivastava का कहना है कि छात्राओं की तबीयत वैक्सीन की वजह से नहीं बल्कि मोमोज और फिंगर चिप्स खाने की वजह से बिगड़ी हो सकती है।
जानकारी के अनुसार पांचों बच्चियों को आंगनवाड़ी केंद्र पर HPV Vaccine लगाई गई थी। इसके बाद जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो परिजनों ने इसका कारण वैक्सीन को बताया था। हालांकि इलाज के बाद सभी बच्चियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और उनकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चियों को रविवार के दिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से वैक्सीन लगाई गई थी, जबकि उनकी तबीयत मंगलवार को बिगड़ी। बच्चियों को पेट दर्द की शिकायत थी। उनका कहना है कि HPV वैक्सीन का रिएक्शन 48 घंटे बाद केवल पेट दर्द के रूप में होना संभव नहीं है, इसलिए वैक्सीन को इसके लिए जिम्मेदार नहीं माना जा सकता।
उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 14 साल की उम्र पूरी कर चुकी बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए HPV वैक्सीन लगाई जा रही है और इसे लेकर अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक प्रदेश में करीब 50 हजार बच्चियों को यह वैक्सीन लगाई जा चुकी है और किसी तरह का साइड इफेक्ट सामने नहीं आया है।
डॉ. सचिन श्रीवास्तव के अनुसार ग्वालियर जिले में लगभग 23 हजार बच्चियों को यह वैक्सीन लगनी है, जिनमें से करीब 3000 बच्चियों को अब तक टीका लगाया जा चुका है और वे सभी स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती हुई बच्चियों ने ठेले पर मोमोज और फिंगर चिप्स खाए थे, इसलिए संभावना है कि उसी वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी हो। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

