संगठन के बाद CM डॉ मोहन ने राज्य मंत्री को लगाई फटकार, प्रतिमा बागरी को बुलाकर कहा विपक्ष जैसा आचरण न करें

सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आई है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी को फटकार लगाई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया और साफ शब्दों में कहा कि मंत्री होते हुए विपक्ष जैसा आचरण न करें और अगर कोई बात है तो उसे उचित फोरम पर रखें, क्योंकि सरकार पारदर्शिता के साथ काम करती है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी को बुलाया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार के भीतर रहते हुए सार्वजनिक रूप से इस तरह के बयान देना सही नहीं है और किसी भी समस्या या आपत्ति को पार्टी और सरकार के मंच पर रखा जाना चाहिए।

दरअसल यह पूरा मामला सतना जिले के पोड़ी-मनकहरी मार्ग से जुड़ा है, जहां निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपने पैर से गिट्टी और डामर हटाते हुए निर्माण कार्य को घटिया बताया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में मंत्री यह कहते हुए नजर आई थीं कि हल्का सा धक्का देने पर पूरी सड़क उखड़ रही है और पूछा था कि इस काम की निगरानी आखिर किसने की है।

इतना ही नहीं, राज्य मंत्री ने मौके पर ही संविदाकार राजेश के कार्य को निरस्त करने और मॉनिटरिंग करने वाले इंजीनियर पर भी कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि डॉ मोहन यादव की सरकार में इस तरह की घोर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चाहे संविदाकार हो या अधिकारी, सभी पर सख्त कार्रवाई होगी।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच यह भी सामने आया है कि गांजा तस्करी के मामले में प्रतिमा बागरी के भाई और बहनोई का नाम सामने आने के बाद संगठन और मुख्यमंत्री दोनों ही नाराज हैं। इसी के चलते बीजेपी हाईकमान ने पहले भी प्रतिमा बागरी को प्रदेश कार्यालय तलब किया था, जहां क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश महामंत्री हितानंद शर्मा से बंद कमरे में लंबी चर्चा हुई थी।

सूत्रों के अनुसार संगठन ने मंत्री से सवाल किया था कि इतनी बड़ी गतिविधियां नाक के नीचे चलती रहीं और उन्हें इसकी जानकारी क्यों नहीं थी, साथ ही भाई की गिरफ्तारी को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा गया था। वहीं प्रतिमा बागरी ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि भाई के कृत्य से उनका कोई लेना-देना नहीं है, हालांकि संगठन ने सख्त निर्देश देते हुए पार्टी की छवि को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *