भारत की सबसे चर्चित वेब सीरीज मिर्जापुर की फ्रेंचाइजी को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है और अब यही कहानी बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। मेकर्स ने मिर्जापुर द मूवी की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है और बताया है कि यह फिल्म मिर्जापुर यूनिवर्स की एक नई और अनसुनी कहानी को दर्शकों के सामने लेकर आएगी।
फिल्म में इस बार पहले से कहीं ज्यादा रॉ, इंटेंस और दमदार अंदाज देखने को मिलेगा, जहां पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आएंगे और अली फजल गुड्डू पंडित के रूप में वापसी करेंगे, वहीं दर्शकों के लिए सबसे बड़ी सरप्राइज दिव्येंदु के मुन्ना भैया की बहुप्रतीक्षित वापसी मानी जा रही है।
मिर्जापुर द मूवी में स्टारकास्ट भी बेहद दमदार रहने वाली है, जिसमें जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है।
इस फिल्म को एक्सल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले बनाया जा रहा है, जिसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर प्रोड्यूस कर रहे हैं, वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और मिर्जापुर द मूवी 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

