भोपाल। मध्यप्रदेश के आदिवासी अंचल बड़वानी में आयोजित कृषि कैबिनेट की अहम बैठक में बड़ी सिंचाई परियोजना समेत छह विभागों की कुल 16 योजनाओं को मंजूरी दी गई है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद इसकी जानकारी दी और कहा कि पहली कृषि कैबिनेट बड़वानी अंचल में करने का निर्णय किसानों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और सरकार खेतों के साथ-साथ टेंट-तंबू में बैठकर भी किसानों के हित में फैसले ले रही है। उन्होंने बताया कि 16 योजनाओं पर निर्णय लिए गए हैं, जिनसे सरकार पर 27 हजार 746 करोड़ रुपए से अधिक का वित्तीय भार आएगा। बैठक में बड़ी सिंचाई परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई है।
इसके अलावा 4 हजार 264 करोड़ रुपए की खाद्य प्रसंस्करण योजनाएं और 8 हजार 166 करोड़ रुपए की सहकारिता विभाग की योजनाएं मंजूर की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 38 हजार करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का लाभ किसानों को दिया जा चुका है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि बड़वानी में एक आधुनिक सब्जी मंडी का निर्माण किया जाएगा, जिसे आदर्श मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही भीलटदेव क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार “सच्चा वादा, पक्का काम” की थीम पर लगातार आगे बढ़ रही है।

