भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ मोहन यादव सरकार ने कई अहम फैसले लेते हुए ऐलान किया है कि बालाघाट जिले में कृषि कैबिनेट का आयोजन होगा, जू में रेस्क्यू सेंटर बनाया जाएगा, गुड़ी पड़वा का पर्व सरकारी स्तर पर मनाया जाएगा और तलाकशुदा पुत्री को भी पेंशन देने का प्रावधान लागू किया जाएगा, साथ ही विधानसभा में 18 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक की शुरुआत वंदेमातरम गान के साथ हुई, बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि बालाघाट नक्सल मुक्त होने के बाद वहां कृषि कैबिनेट करने का फैसला लिया गया है, जहां जिले के समग्र विकास और कृषि से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे और इसकी तारीख जल्द तय की जाएगी।
सरकार ने जू में रेस्क्यू सेंटर बनाने का निर्णय भी लिया है ताकि घायल और संकटग्रस्त जानवरों का बेहतर इलाज हो सके, वहीं 19 मार्च को गुड़ी पड़वा का पर्व सरकारी स्तर पर मनाने की घोषणा की गई है, इसके साथ ही तलाकशुदा पुत्रियों को पेंशन देने के फैसले पर मुहर लगी है जो प्रदेश में पहली बार लागू किया जा रहा है, नई पेंशन योजना से जुड़े प्रावधानों में भी बदलाव किए गए हैं और पारिवारिक पेंशन के लिए विशेष व्यवस्था तय की गई है।
सरकार ने धरती आवा कार्यक्रम के तहत 63 हजार आदिवासी घरों तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है जिस पर करीब 366 करोड़ रुपये खर्च होंगे, कैबिनेट ब्रीफिंग में यह भी बताया गया कि 18 फरवरी को विधानसभा में संतुलित और विकासोन्मुख बजट पेश किया जाएगा, साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी मध्य प्रदेश की स्थिति बेहतर हुई है जहां मातृ मृत्यु दर घटकर 173 से 142 हो गई है।

