टीवी की मशहूर एक्ट्रेस ऐश्वर्या शर्मा और उनके पति नील भट्ट के तलाक की खबरें पिछले काफी समय से सुर्खियों में थीं, लेकिन दोनों ने इस पर चुप्पी साध रखी थी। अब पहली बार ऐश्वर्या शर्मा ने सोशल मीडिया पर सामने आकर इन अफवाहों और ट्रोलिंग पर करारा जवाब दिया है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबी पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा—लोग बिना सच जाने धारणाएँ बना लेते हैं और मनगढ़ंत कहानियाँ फैलाते हैं।
ऐश्वर्या ने लिखा कि जो लोग उनके साथ काम कर चुके हैं, वे जानते हैं कि उन्होंने कभी किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया। सेट पर उन्होंने हमेशा प्रोफेशनलिज़्म को प्राथमिकता दी और किसी को नीचा दिखाने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने बताया कि सगाई के बाद से ही वे लगातार ट्रोल्स के निशाने पर रही हैं, लेकिन किसी ने ये नहीं सोचा कि शायद वही रोज़ाना मानसिक रूप से कितनी परेशानियों का सामना कर रही होंगी।
एक्ट्रेस ने कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार निगेटिव वीडियोज़ और लिंक भेजे जाते हैं, जिनमें उनके खिलाफ झूठी कहानियाँ बनाई जाती हैं। कुछ कंटेंट क्रिएटर केवल व्यूज़ के लिए गलत बातें फैलाते हैं, जबकि सच कोई नहीं देखना चाहता। ऐश्वर्या ने साफ कर दिया कि अब वे अपनी छवि को बचाने के लिए ज़रूरी कदम उठाएंगी और अपनी बात मजबूती के साथ रखेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मानसिक स्वास्थ्य की बातें करने वाले लोग भी बिना सच जाने किसी अंजान व्यक्ति पर उंगली उठा देते हैं, जबकि उन्हें नहीं पता कि सामने वाला क्या झेल रहा है। चुप रहना कमजोरी नहीं, लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि कोई कुछ भी कहता रहे।
बता दें कि ऐश्वर्या शर्मा और नील भट्ट की लव स्टोरी टीवी शो ‘गुम है किसी के प्यार में’ के सेट पर शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों बिग बॉस 17 में भी नजर आए थे, जहां उनकी बॉन्डिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।

