Ajit Pawar Baramati Plane Crash: अजीत पवार के निधन पर यूपी के नेताओं ने जताया शोक, सीएम योगी समेत दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का बुधवार को दुखद निधन हो गया। 66 वर्षीय अजित पवार की बारामती में हुए विमान हादसे में मौत हो गई, जिसमें कुल पांच लोगों की जान चली गई। डीजीसीए और पुणे जिला प्रशासन ने इस हादसे और सभी यात्रियों के निधन की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि अजित पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे, जहां उन्हें जिला परिषद चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होना था। इस हादसे की खबर सामने आते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई और उत्तर प्रदेश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बारामती में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य लोगों का निधन अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई और प्रभु श्रीराम से सभी को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान दुर्घटना में निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह आघात सहन करने की शक्ति दें।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता और एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत नेता के परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से सभी को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी अजित पवार के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार से जुड़े विमान हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन लोगों के हताहत होने की सूचना है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *