अमेरिकी-इज़राइली हमलों पर सरकार की चुप्पी पर अखिलेश का हमला

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अमेरिकी-इज़राइली हमलों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अस्पष्ट नीति अपना रही है, ताकि जनता अटकलों में ही उलझी रहे। अखिलेश ने आरोप लगाया कि इतने गंभीर अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर केंद्र सरकार ने अभूतपूर्व चुप्पी साध रखी है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि इसे सरकार की रणनीतिक चुप्पी माना जाए या फिर किसी खास डर की वजह से उनकी घिग्घी बंध गई है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि आखिर भाजपा सरकार की ऐसी क्या मजबूरी है कि उनके होंठ जैसे किसी ने सिल दिए हों और सरकार कुछ बोल ही नहीं रही।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अमेरिकी-इज़राइली हमलों का असर हमारी सीमाओं के पास और हिंद महासागर तक महसूस किया जा रहा है, जो देश के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में यह सरकार, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की संयुक्त जिम्मेदारी बनती है कि देश के सामने अपना स्पष्ट पक्ष रखें।

उन्होंने कहा कि कई दिनों से लोग सरकार के बयान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन जब सरकार चुप रही तो विपक्ष को मजबूर होकर इस मुद्दे पर बोलना पड़ रहा है। इस संकट के समय सरकार को आगे आकर देश की जल, थल और वायु सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाना चाहिए।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार की इस चुप्पी से देशवासी परेशान हैं और उन्हें लग रहा है कि सरकार कुछ कह भी नहीं रही और शायद कुछ करेगी भी नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और ऐसा महसूस हो रहा है जैसे देश में सरकार नाम की कोई व्यवस्था ही नहीं बची है।

अखिलेश ने यह भी कहा कि सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए अक्सर विवादित मुद्दे उठाती है और आने वाले संसद सत्र में भी ऐसा ही किया जा सकता है, ताकि असली समस्याओं पर चर्चा न हो। उनके मुताबिक मौजूदा समय देश के लिए एक तरह से ‘सरकार-शून्यता’ का दौर बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *