‘बोतल बंद’ महा-माफिया राज पर अखिलेश का हमला, अरबों की काली कमाई में सत्ता की भागीदारी का आरोप

लखनऊ. कोडीन युक्त कफ सिरप मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं और इसके साथ ही सियासत भी तेज होती जा रही है। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर सरकार पर तीखा तंज कसा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जिसे पहले लोग एक स्थानीय अपराध समझ रहे थे, उसकी पहली परत खुली तो वह राज्यव्यापी निकला, दूसरी परत खुली तो वह राष्ट्रव्यापी साबित हुआ और अब जांच में यह एशिया लेवल का बड़ा अपराध बनकर सामने आ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ है, बल्कि उसे प्रमोशन मिल गया है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में भाजपा का महा-माफिया राज चल रहा है, जो बोतल में बंद होकर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है।

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि इस अरबों रुपये की काली कमाई में सत्ताधारी दल की सीधी भागीदारी है और यही वजह है कि भाजपा शासन में जनता मारी-मारी फिर रही है और खुद को असहाय महसूस कर रही है।

अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अब अपनी अंतिम पारी का अंतिम चरण खेल रही है, उसके ओवर खत्म हो चुके हैं और पूरी टीम मैच खत्म होने से पहले ही ऑल आउट होने की स्थिति में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *