लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि मौजूदा शासन में संविधान खतरे में है और कानून का राज पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस ने हमेशा लोकतंत्र के साथ नाइंसाफी की है और संविधान के साथ धोखा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा SIR प्रक्रिया में धांधली करना चाहती है और केंद्रीय व राज्य निर्वाचन आयोग की वोटर लिस्ट में भारी अंतर इस बात का सबूत है कि भाजपा सरकार बेईमानी के रास्ते पर चल रही है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार और जुल्म अपने चरम पर हैं। सरकारी बजट का खुला बंदरबांट और लूट मची हुई है और भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता के हर वर्ग को धोखा दिया है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के दौरान मंदिर तोड़े जा रहे हैं और दावा किया कि जितने मंदिर इस सरकार में तोड़े गए हैं, उतने किसी राजा के कार्यकाल में नहीं टूटे। उनके मुताबिक भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है और जनता के अधिकारों को कुचलने का काम कर रही है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। अखिलेश यादव ने सभी सांसदों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में दिन-रात मेहनत करने का आह्वान किया और कहा कि जनता के सुख-दुख में साथ रहकर उनके मुद्दों के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के अन्यायपूर्ण शासन से मुक्ति दिलाने और प्रदेश से अराजकता खत्म करने के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना जरूरी है, ताकि जनता के लोकतांत्रिक अधिकार बहाल किए जा सकें। उन्होंने बताया कि सभी सांसदों और विधायकों को उनके क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है और विधानसभा चुनाव के लिए जनपद स्तर पर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें जनता के मुद्दे शामिल होंगे।
सांसदों की बैठक के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा को धोखेबाज पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग का अपमान कर रही है और अहंकार में डूबी हुई है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने शंकराचार्य जी और महारानी अहिल्या बाई होल्कर का अपमान किया है और काशी से उनके नाम और कार्यों को मिटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सनातन के खिलाफ है और सनातनियों को लगातार अपमानित कर रही है। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वे धृतराष्ट्र बन चुके हैं, प्रदेश में सब कुछ बर्बाद हो रहा है, लेकिन सब देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए वर्ग के अधिकार छीने जा रहे हैं और आरक्षण के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव की तैयारी में जुट जाने, बूथ मजबूत करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील की। अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी को न्याय और सम्मान मिलेगा और पीडीए के जरिए ही राजनीतिक और सामाजिक न्याय की स्थापना होगी।

