‘सिर्फ घोटाला करना ही BJP का काम’ अखिलेश यादव का सरकार पर तीखा हमला

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार के नाम पर विकास का एक भी ठोस काम दर्ज नहीं है और भाजपा का काम अब सिर्फ घोटाला करना रह गया है। उनके मुताबिक प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे हैं ताकि सत्ता परिवर्तन हो सके।

अखिलेश यादव ने उदाहरण देते हुए कहा कि कोंच में 23 लाख रुपये की लागत से बनी सीसी रोड दो महीने भी नहीं टिक पाई और उखड़ने लगी। महोबा के उखरा गांव में 35 लाख रुपये के बजट से बन रही सड़क की परतें बनते ही उधड़ गईं। पानी की टंकियां भी बनते ही गिरने लगती हैं। उनका कहना है कि जब काम भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के हाथ में होगा तो बर्बादी तय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज में गड्ढों का भी रिकॉर्ड बना है। सड़कें गड्ढा मुक्त करने के दावे किए गए लेकिन हकीकत यह है कि सड़कें ही गड्ढों में बदल गई हैं। इन गड्ढों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौजवानों को नौकरियां नहीं मिल रहीं, परीक्षाएं रुक जाती हैं या उनके परिणामों पर रोक लग जाती है। शिक्षकों को सम्मान नहीं मिल रहा और व्यापारी नए-नए कानूनों से परेशान हैं। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हिरासत में मौतों के मामले चिंताजनक हैं, महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं और लूट-छेड़छाड़ की घटनाएं थम नहीं रहीं।

अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है, सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या घट रही है और अस्पतालों में दवाओं व इलाज की कमी है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ आंकड़ों और दावों के सहारे चल रही है और डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *