लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मुरादाबाद और देवरिया के दिवंगत बीएलओ कर्मियों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान अखिलेश यादव ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
अखिलेश यादव ने एसआईआर ड्यूटी के दौरान अत्यधिक कार्य दबाव के चलते आत्महत्या करने या हार्ट अटैक से जान गंवाने वाले बीएलओ कर्मियों के लिए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया था। इसी कड़ी में उन्होंने मुरादाबाद के बीएलओ सर्वेश सिंह जाटव की पत्नी श्रीमती बबली देवी को 2 लाख रुपये का चेक सौंपा। स्वर्गीय सर्वेश सिंह जाटव कंपोजिट विद्यालय जाहिदपुर सीकमपुर, ब्लॉक भगतपुर टांडा, मुरादाबाद में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे।
इसके अलावा अखिलेश यादव ने देवरिया जिले की सलेमपुर तहसील में कार्यरत बीएलओ और लेखपाल आशीष कुमार की पत्नी कंचन को भी 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। आशीष कुमार ग्राम धनगड़ा, पोस्ट ठेगलवा, जनपद देवरिया के निवासी थे। वहीं ग्राम माझका नरायन बूथ संख्या-7, विधानसभा रुद्रपुर में तैनात बीएलओ जगदम्बा दुबे की पत्नी रंजू देवी को भी 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर संकट की घड़ी में अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है और आगे भी जरूरत पड़ने पर हर संभव सहयोग करती रहेगी।

