ठेकेदार यूपी का ही रखिएगा अखिलेश यादव ने कन्नौज रेलवे स्टेशन को लेकर भाजपा पर कसा तंज

लखनऊ.अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कन्नौज रेलवे स्टेशन को गोरखपुर रेलवे स्टेशन के मॉडल पर विकसित करने की तैयारी है और करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से इसका कायाकल्प किया जाएगा जिसकी जानकारी बजट पेश करते समय सुरेश खन्ना ने दी थी लेकिन अब इस मुद्दे पर सियासत गरमा गई है।

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा व्यंग करते हुए एक्स पर पोस्ट किया और कहा कि अयोध्या में जो रेलवे स्टेशन की दीवार गिरी थी वो किस मॉडल पर बनी थी क्या वह भाजपा के भ्रष्ट मॉडल पर थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पानी की टंकी ऐसी जगह बनाइएगा जो बनते ही गिर न जाए और छत ऐसी हो कि नीचे खड़े लोगों को छतरी लगाने की जरूरत न पड़े।

उन्होंने कहा कि एप्रोच रोड की परत न उखड़े और अगर लिफ्ट और एस्केलेटर लगें तो वे चलें भी सिर्फ दिखावे के लिए न हों। साथ ही उन्होंने कमीशनखोरी से बचाने की नसीहत देते हुए कहा कि वेटिंग एरिया सच में बेहतर बनाइए क्योंकि ट्रेनों का कई घंटों तक कोई अता पता नहीं रहता।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि पार्किंग को भाजपाई गुंडागर्दी टैक्स से बचाया जाए और कन्नौज में कम से कम ऐसे टॉयलेट बनें और चलें जो सच में साफ और सुगंधित हों। आखिर में उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ठेकेदार यूपी का ही रखिएगा जिससे वह कहीं भाग न सके।

अब कन्नौज रेलवे स्टेशन के विकास के साथ साथ इस बयान को लेकर भी सियासी बहस तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *