एक्टर अक्षय खन्ना के लिए साल 2025 किसी सपने से कम नहीं रहा। इस साल वह दो बड़ी फिल्मों में नजर आए और खास बात यह रही कि दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई करते हुए रिकॉर्ड बना दिए। रहमान डकैत और मुगल बादशाह औरंगजेब जैसे दमदार किरदारों ने अक्षय खन्ना को जबरदस्त शौहरत दिलाई और इसी के साथ उन्होंने अपने नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी दर्ज कर ली।
अक्षय खन्ना अब शाहरुख खान के बाद दूसरे ऐसे भारतीय अभिनेता बन गए हैं, जिनकी फिल्मों ने एक ही साल में दुनियाभर में करीब 2000 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा छू लिया है। यह रिकॉर्ड उन्हें साल 2025 में रिलीज हुई उनकी दो बड़ी हिंदी फिल्मों छावा और धुरंधर से हासिल हुआ है, जिनमें उन्होंने निगेटिव लेकिन बेहद प्रभावशाली भूमिकाएं निभाईं।
फिल्ममेकर लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी छावा में अक्षय खन्ना मुगल बादशाह औरंगजेब के किरदार में नजर आए थे। इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 809 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। वहीं आदित्य धर द्वारा निर्देशित धुरंधर में उन्होंने गैंगस्टर रहमान डकैत का किरदार निभाया, जिसने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। धुरंधर साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन चुकी है और अब तक करीब 1191 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है, जबकि इसकी कमाई अभी भी जारी है।
अगर छावा और धुरंधर की कुल बॉक्स ऑफिस कमाई को जोड़ा जाए तो यह आंकड़ा लगभग 2000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। इससे पहले यह कारनामा केवल शाहरुख खान ने किया था, जिन्होंने साल 2023 में पठान, जवान और डंकी के जरिए एक ही साल में 2685 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। अब अक्षय खन्ना इस खास क्लब में शामिल होकर साल 2025 के सबसे सफल और सबसे ज्यादा कमाने वाले एक्टर्स में अपनी जगह बना चुके हैं।

