खजुराहो। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर से जुड़े खजुराहो कार्यालय में पदस्थ एक असिस्टेंट पर कलाकारों से कार्यक्रम दिलाने के बदले कमीशन मांगने के गंभीर आरोप सामने आए हैं, कलाकारों का कहना है कि गणपत लाल प्रजापति और दीपक पाटिल ने मंचन के लिए चयन कराने के बदले उनसे पैसे की मांग की थी, इस पूरे मामले को लेकर राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें खजुराहो स्थित सांस्कृतिक केंद्र में तैनात असिस्टेंट गणपत लाल प्रजापति कलाकारों से सात दिन के कार्यक्रम के बदले कमीशन की बात करते सुने जा रहे हैं, ऑडियो में दावा किया गया है कि पूरे कार्यक्रम की राशि कलाकारों को मिलेगी लेकिन आखिरी तीन दिनों की रकम उन्हें वापस करनी होगी और अगर किसी कलाकार ने इसका विरोध किया तो उसकी शिकायत कर उसे कार्यक्रम से बाहर कर दिया जाएगा, हालांकि इस वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि यह कथित ऑडियो पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के दौरान प्रस्तावित हैदराबाद के एक कार्यक्रम से जुड़ा हुआ है, जिसको लेकर कलाकारों से कमीशन मांगे जाने का आरोप है।
इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर कलाकारों की शिकायतों का संज्ञान लेने, भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और सांस्कृतिक गतिविधियों को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने की मांग की है।


