शहडोल। Shahdol जिले के Budhar थाना क्षेत्र से पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां कानून के रखवाले पर ही रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। बुढार थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल चेतराम का कथित तौर पर डिजिटल तरीके से रिश्वत लेने का ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है।
मामले के अनुसार बुढार क्षेत्र के ईंट कारोबारी दो सगे भाई दुर्गेश प्रजापति और रवि प्रजापति ने आरोप लगाया है कि हेड कांस्टेबल चेतराम ने एक पुराने मामले में कार्रवाई करने की धमकी देकर उनसे पैसों की मांग की। बताया जा रहा है कि ईंट निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कोयले की खपत को लेकर कार्रवाई का डर दिखाकर पुलिसकर्मी ने उनसे करीब 17 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।
आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए दोनों भाइयों ने मजबूरी में यह रकम दे दी, जिसमें करीब 5 हजार रुपये फोन-पे के जरिए डिजिटल ट्रांजेक्शन से दिए गए, जबकि लगभग 12 हजार रुपये नकद दिए गए। खास बात यह है कि दोनों भाइयों ने पूरे घटनाक्रम का ऑडियो और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे अब सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया है। इसके साथ ही ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी सबूत के तौर पर सामने आया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो-वीडियो के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। जिस वर्दी को आम जनता की सुरक्षा और न्याय का प्रतीक माना जाता है, उसी पर अगर उगाही के आरोप लगने लगें तो यह व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बन जाता है।
वहीं इस मामले में Ramji Srivastava का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलती है या मामला औपचारिक रूप से सामने आता है तो इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

