भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक ब्यूटीशियन ने गैंगरेप और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में चार आरोपियों में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है।
मामला बागसेवनिया थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के अनुसार, तीन लोगों ने अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया है, जबकि एक महिला आरोपी पर धर्म परिवर्तन से जुड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।
पीड़िता का आरोप है कि उसे चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। बताया जा रहा है कि 31 दिसंबर 2024 को शाहपुरा स्थित एक होटल में दोस्त की बर्थडे पार्टी के दौरान उसकी मुलाकात आरोपियों से हुई थी। इसके बाद उसे छोटे कपड़े पहनाकर पब और लाउंज में ले जाया जाता था और अंजान लोगों से मेलजोल बढ़ाने का दबाव बनाया जाता था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। यह मामला राजधानी में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।

